Categories

September 12, 2026

दून के सरकारी डॉक्टर ने किया प्राइवेट अस्पताल का प्रचार, नोटिस जारी, डॉक्टर ने सोशल मीडिया से हटाई अपनी पोस्ट

दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एक महत्वपूर्ण विभाग के डॉक्टर द्वारा सोशल मीडिया पर निजी अस्पताल का प्रचार करने पर लगातार किरकिरी हो रही है। प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया है।

डॉक्टर को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। वहीं, सभी डॉक्टरों को भी निजी प्रैक्टिस एवं इस तरह से प्रचार करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई को चेताया है। उधर, मामला बढ़ने पर डॉक्टर ने अपनी पोस्ट हटा दी है। दून अस्पताल के एक एसोसिएट प्रोफेसर द्वारा सोशल मीडिया पर कुछ प्रोसजिर के बारे में बताकर अपना फोटो लगा पोस्ट किया था। उनके पास दून अस्पताल में इमरजेंसी में भी अहम जिम्मेदारी है।

इसे लेकर सवाल उठे कि जब जिम्मेदार पद पर बने डॉक्टर इस तरह निजी अस्पतालों एवं खुद का प्रचार करेंगे तो अन्य पर कैसे रोक लगेगी। इससे पहले भी संबंधित डॉक्टर निजी प्रैक्टिस को लेकर विवादों में रहे थे। क्योंकि अस्पताल में काफी डॉक्टरों पर निजी प्रैक्टिस के आरोप है, पिछले दिनों प्राचार्य के निरीक्षण में भी कई डॉक्टर दस बजे तक भी ओपीडी से नदारद मिले थे। वहीं, भर्ती मरीजों के राउंड में भी कई डॉक्टरों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने बताया कि डॉक्टर को नोटिस देकर स्पष्टीकरण तलब किया है। इस तरह के कृत्य सेवानियमावली के विपरीत है। सरकारी सेवा में रहकर निजी अस्पतालों का प्रचार बर्दाश्त नहीं होगा। ओपीडी एवं राउंड समय से करने को हिदायत दी गई है। उधर, अस्पताल में इस तरह का मामला सामने आने पर डॉक्टरों से लेकर कर्मचारियों में तमाम चर्चाएं है और वहीं कुछेक डॉक्टर दो धड़ों में भी इस प्रकरण को लेकर बंटे हैं।

About The Author

Spread the love