Categories

September 11, 2026

मसूरी में कुकर फटने से महिला बुरी तरह झुलसी, किचन में चावल बनाने समय हुई घटना, हायर सेंटर रेफर

मसूरी में कुकर फटने से महिला के झुलसने के बाद उसे हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है. जहां महिला का उपचार चल रहा है.

मसूरी: शहर के बारह कैंची में उस समय हड़कंप मच गया, जब घर की रसोई में खाना बनाते समय अचानक प्रेशर कुकर फट गया. कुकर में चावल बना रही 32 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलस गई. तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में महिला को उप जिला चिकित्सालय मसूरी पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया और जिसके बाद महिला को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.

तेज आवाज के साथ फटा कुकर: घर में खाना पकाने के लिए कुकर में चावल रखा था, जब महिला रसोईघर में काम कर रही थी तो अचानक जोर की आवाज के साथ कुक्कर फट गया. जिससे महिला बुरी तरह झुलस गई. तेज आवाज सुनकर मौके पर आए परिजनों ने घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. वहीं घर में तेज आवाज सुनकर मौके पर भारी तादाद में लोग एकत्रित हो गए. हादसे में महिला का शरीर करीब 25 से 30 प्रतिशत तक झुलस गया है. शुरुआती उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर है, लेकिन शाम होते-होते अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी.

घटना में झुलसी महिला की स्थिति गंभीर: स्थिति गंभीर होते देख चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. अस्पताल से रेफर किए जाने के दौरान परिजन और स्थानीय लोग भी महिला के साथ मौजूद रहे. उप जिला चिकित्सालय मसूरी के चिकित्सक डॉ. मयंक जुवाठा ने बताया कि प्रेशर कुकर फटने के कारण महिला गंभीर रूप से झुलस गई थी. उसके शरीर का करीब 25 से 30 प्रतिशत हिस्सा जल गया है.

घायल महिला को हायर सेंटर किया रेफर: प्राथमिक उपचार के बाद उसे ऑब्जर्वेशन में रखा गया था, लेकिन शाम को हालत बिगड़ने पर देहरादून हायर सेंटर भेजने का निर्णय लिया गया. उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से महिला को हरसंभव उपचार उपलब्ध कराया गया. बताया गया कि महिला मसूरी के बाहर कैंची क्षेत्र की रहने वाली है और अपने चार बच्चों के साथ घर पर रहती है. हादसे के बाद परिवार में चिंता का माहौल है. स्थानीय लोगों ने भी महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.

About The Author

Spread the love