March 18, 2026

युवाओं को विदेश में मिलेगा रोजगार, उत्तराखंड सरकार देहरादून की तरह अल्मोड़ा में खोलेगी विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण केंद्र -: कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा

युवाओं को विदेश में रोजगार के अवसर मुहैया कराने के उद्देश्य से संचालित ‘मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना’ में अभी तक सहसपुर (देहरादून) स्थित सेंटर में 143 युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

इनमें से 92 को जापान, सऊदी अरब, जर्मनी में हास्पिटेलिटी, केयर गिवर समेत अन्य क्षेत्रों में सेवायोजित किया गया है।

इन युवाओं को 40 हजार से 1.10 लाख रुपये तक का वेतन प्रतिमाह मिल रहा है। कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सदन में यह जानकारी दी।

साथ ही घोषणा की कि अब देहरादून की तरह अल्मोड़ा में युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण सेंटर खोला जाएगा। यह प्रशिक्षण नि:शुल्क दिया जाता है।

विधायक सुरेश गढ़िया ने इस योजना से संबंधित प्रश्न पूछा था। साथ ही विधायक सुमित हृदयेश, दीवान सिंह, मुन्ना सिंह चौहान, विक्रम सिंह नेगी ने अनुपूरक प्रश्न पूछे।

इनके जवाब में कौशल विकास मंत्री बहुगुणा ने सदन को बताया कि यह योजना वर्ष 2023 में प्रारंभ की गई।

दून विश्वविद्यालय के माध्यम से योजना के तहत सहसपुर सेंटर में युवाओं को पांच विदेशी भाषाओं में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इस निश्शुल्क प्रशिक्षण की अवधि आठ से 10 माह है। प्रशिक्षण के बाद परीक्षा और फिर विदेश मंत्रालय में पंजीकृत 16 भर्ती एजेंसियों के माध्यम से युवाओं को विदेश में सेवायोजित किया जाता है।

पूर्व में योजना में 75.50 लाख रुपये का बजट था, लेकिन इस बार इसे बढ़ाकर 3.30 करोड़ कर दिया गया है।

उन्होंने विधायकों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के युवाओं को इस योजना से लाभान्वित कराएं।

उन्होंने बताया कि युवाओं के साथ कोई धोखाधड़ी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए विदेश मंत्रालय में पंजीकृत एजेंसियों के माध्यम से ही उन्हें विदेश में रोजगार के अवसर मुहैया कराए जा रहे हैं।

सऊदी अरब में सेवायोजित राज्य के 30 युवा सुरक्षित

कैबिनेट मंत्री बहुगुणा ने बताया कि वैश्विक रोजगार योजना के अंतर्गत राज्य के 30 युवा सऊदी अरब में सेवायोजित हुए हैं। खाड़ी देशों में उत्पन्न स्थिति के बाद इन युवाओं का वाट्सएप ग्रुप बनाया गया है और उनसे निरंतर बातचीत हो रही है। सभी युवा सुरक्षित हैं।

राज्य में अनुमानित खपत से ज्यादा है दुग्ध उत्पादन

उत्तराखंड में प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन का औसत 56.62 लाख किलोग्राम है, जबकि अनुमानित खपत 50.34 लाख किलोग्राम प्रतिदिन है। दुगध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सदन में विधायक बृजभूषण गैरोला के प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि राज्य में वर्तमान में सालाना 1957.25 हजार टन दूध का उत्पादन हो रहा है। पिछले वर्ष की तुलना में इसमें 3.13 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

यही नहीं, राज्य में गंगा गाय महिला डेरी, साइलेज एवं दुधारू पशुपोषण, दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन, राज्य पशुधन मिशन जैसी योजनाओं से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके साथ ही आंचल ब्रांड के दुग्ध उत्पादों की लगातार ब्रांडिंग की जा रही है

About The Author

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *