पौड़ी -: पोखड़ा ब्लॉक के भतकोट गांव में चार साल के मासूम बच्चे पर हुए हमले में अभी तक नहीं पकडा गया गुलदार, वन विभाग की टीमें लगातार कर रहीं गश्त
पौड़ी। पोखड़ा ब्लॉक के भतकोट गांव में बीती 2 अप्रैल को चार साल के मासूम पर हुए गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। करीब दो हफ्ते बाद भी सक्रिय गुलदार को अब तक पकड़ा नहीं जा सका है।
घटना के बाद से वन विभाग की टीमें गांव और आसपास के इलाकों में लगातार तैनात हैं और गश्त कर रही हैं। रविवार को भी विभागीय टीमों ने क्षेत्र में लगाए गए पिंजरों की जांच की और ट्रैप कैमरों की निगरानी की। हालांकि अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। न तो गुलदार पिंजरों में कैद हो पा रहा है और न ही ट्रैप कैमरों में उसकी सटीक लोकेशन सामने आ पाई है।
गढ़वाल वन प्रभाग की एसडीओ लकी शाह ने बताया कि विभाग की टीमें अलर्ट मोड पर हैं और पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। गुलदार के दिखाई नहीं देने से उसे पकड़ने और ट्रेंकुलाइज करने में अभी तक सफलता नहीं मिल पाई है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर न जाने की अपील की है।
